​पटना, कुंदन कुमार। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक संजय गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कांग्रेस के नेता पूरी तरह से राजनीतिक दिवालियेपन के शिकार हो चुके हैं और वे देश के मजबूत वोट तंत्र को लाठीतंत्र के बल पर कुचलने या दबाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे देश की जनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

​बीजेपी विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे द्वारा बिहार में दिए गए बयान पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खर्गे ने कल बिहार की धरती पर आकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर जो अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की है, वह राजनीतिक मर्यादा के बिल्कुल विपरीत और कहीं से भी उचित नहीं है। विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग अब राजनीतिक और वैचारिक विरोध के बजाय नक्सलियों की तरह आचरण और व्यवहार करने लगे हैं। ऐसी ओछी मानसिकता और भाषा के लिए उन्हें देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी ही होगी।

​संजय गुप्ता ने इस बयानबाजी के पीछे की वजह का जिक्र करते हुए दावा किया कि कल खर्गे की सभा में जनता का समर्थन नहीं मिला और वहां अपेक्षित भीड़ नहीं जुटी थी। इस विफलता के कारण कांग्रेसी नेता पूरी तरह बौखला गए थे। सभा के दौरान जब वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं और जनता ने ‘मोदी नहीं जाएगा’ के नारे लगाए, तो कांग्रेस नेता और अधिक उग्र व बौखला गए। इसी बौखलाहट और खीझ में उन्होंने उल-जलूल बयानबाजी की, जिसे भारत का आम नागरिक और देश की जनता कभी स्वीकार नहीं कर सकती है। बीजेपी विधायक ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता ऐसी तानाशाही और अभद्र सोच का करारा जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।