सिख विरोधी दंगों के दोषी रहे दिवंगत कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होना भारतीय जनता पार्टी (BJP) के तीन सांसदों को भारी पड़ गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली के सांसद कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को इस मामले में फटकार लगाई है। तीनों सांसद हाल ही में सज्जन कुमार के आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे थे।

एचएस फुल्का ने जताई नाराजगी

तीनों सांसदों के श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पर BJP के वरिष्ठ नेता और 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के लिए लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहे वकील एचएस फुल्का ने भी कड़ी नाराजगी जताई।

फुल्का ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर तीनों सांसदों के बहिष्कार की मांग की। उन्होंने कहा कि BJP सांसदों को सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में जाने के बजाय दंगा पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी।

फुल्का ने लिखा कि वह तीनों सांसदों के उस दौरे की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें वे सज्जन कुमार की मौत पर शोक जताने उनके घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सहानुभूति उन पीड़ितों और परिवारों के प्रति होनी चाहिए, जो आज भी 1984 की हिंसा के दर्द और भय से जूझ रहे हैं।

हुड्डा पर भी उठे थे सवाल

इससे पहले कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ भी सज्जन कुमार को कथित तौर पर ‘रोल मॉडल’ बताए जाने को लेकर कार्रवाई की मांग उठ चुकी है। यह मांग केवल आम लोगों तक सीमित नहीं रही, बल्कि कांग्रेस के भीतर से भी आवाज उठी।

हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति से बाहर किए जाने की मांग भी की थी। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर 1984 के सिख विरोधी दंगों और उनसे जुड़े राजनीतिक विवादों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m