कुंदन कुमार/पटना। बिहार की सियासत में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के संगठनात्मक बदलावों और आगामी नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार के भविष्य के मुख्यमंत्री को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। सिग्रीवाल ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।

​नीतीश कुमार ने सींचा है जदयू का आधार

​सांसद सिग्रीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही वह व्यक्तित्व हैं जिन्होंने जदयू पार्टी को शून्य से शिखर तक पहुंचाया है। उन्होंने पार्टी को बनाया और उसे एक मजबूत सांगठनिक स्वरूप दिया। सिग्रीवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यदि नीतीश कुमार एक बार फिर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाल रहे हैं, तो यह न केवल जदयू कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि गठबंधन के सहयोगियों के लिए भी प्रसन्नता का विषय है। उनके अनुभव का लाभ पार्टी और गठबंधन दोनों को मिलेगा।

​भाजपा मुख्यमंत्री पर क्या बोले सिग्रीवाल?

​एक अहम सवाल के जवाब में सिग्रीवाल ने भविष्य की राजनीति के संकेत भी दिए। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा, यह लगभग तय है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चेहरा कौन होगा और किसे यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसका अंतिम निर्णय भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय आलाकमान ही करेगा। अनुशासन के साथ पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया गया फैसला ही सर्वमान्य होगा।

​संजय झा के बयान पर साधी चुप्पी

​जब उनसे जदयू नेता संजय झा के उस बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश जी के बाद कौन मुख्यमंत्री होगा यह अभी तय नहीं है, तो सिग्रीवाल इस पर सीधे टीका-टिप्पणी करने से बचते नजर आए। उन्होंने केवल इतना कहा कि मुख्यमंत्री एनडीए का ही होगा और नीतीश कुमार स्वयं एनडीए के एक मजबूत स्तंभ और सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन के भीतर कोई मतभेद नहीं है।