कुंदन कुमार, पटना। अभिषेक सिन्हा के नामांकन वापस लेने के तुरंत बाद भाजपा ने अपने नए उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। नीरज सिन्हा साल 2006 में बीजेपी से जुड़े थे और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली थी।

इसके बाद वे लगातार पार्टी से जुड़े रहे और बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री , जिला उपाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष जैसे पदों पर रहते हुए पार्टी के लिए काम करते रहे। वहीं, अब पार्टी ने उन्हें बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाकर उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

जल्द दाखिल कर सकते हैं नामांकन

अभिषेक सिन्हा के नामांकन वापस लेने और बीजेपी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नीरज सिन्हा अगले एक से दो दिनों में अपना नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई है।

अभिषेक सिन्हा ने वापस लिया नामांकन

गौरतलब है कि बांकीपुर से बीजेपी के उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा बंटी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। अब वे बांकीपुर उपचुनाव नहीं लड़ेंगे। अभिषेक सिन्हा ने प्रेस कॉनफ्रेंस करते हुए बताया कि वह पारिवारिक स्थिति के कारण बांकीपुर का उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे। अभिषेक सिन्हा ने यह भी कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते वह निष्ठा पूर्वक अपनी सेवा देता रहूंगा। इसके अलावा उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से एनडीए का प्रत्याशी बनाए जाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।

बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम

नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
30 जुलाई को होगा मतदान।
3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।

ये भी पढ़ें- पूर्व महासचिव छोटू सिंह निष्कासित, सीएम आवास में हंगामे के बाद एक्शन मोड में पार्टी