कुंदन कुमार, पटना। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की माता स्वर्गीय राधा देवी सरावगी के द्वादशा श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज मंगलवार (24) को दरभंगा पहुंचे। दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने पर दोनों डिप्टी सीएम समेत बीजेपी के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

बता दें कि बीते 13 फरवरी को संजय सरावगी की मां राधा देवी सरावगी का मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। ऐसे में आज राधा देवी सरावगी के द्वादशा श्राद्ध कर्म में शामिल होने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बीजेपी के बड़े नेता और मंत्री उनके दरभंगा स्थित आवास पर पहुंच रहे हैं।

इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी, मंत्री दिलीप जायसवाल, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, सांसद संजय जायसवाल सहित एनडीए के कई अन्य नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है और इस दुःख की घड़ी में पूरा एनडीए परिवार उनके साथ खड़ा है। शोक सभा में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी दरभंगा स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के आवास पहुंचे। उन्होंने सरावगी की दिवंगत माता स्वर्गीय राधा देवी सरावगी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि, उनकी सारी संवेदनाएं सरावगी परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।

राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़ें- Bihar News: राबड़ी देवी के साथ अचानक दिल्ली के लिए रवाना हुए लालू यादव, सामने आई ये बड़ी वजह