नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का जल्द ही छत्तीसगढ़ दौरा हो सकता है। सोमवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनसे मुलाकात कर प्रदेश आने का न्योता दिया, जिस पर नितिन नवीन ने शीघ्र छत्तीसगढ़ आने का आश्वासन दिया है। इस मुलाकात को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच हुई इस बैठक में संगठनात्मक विषयों के अलावा छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज करने, गरीब कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों के हितों, युवाओं के रोजगार और मातृशक्ति से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

narayana

छत्तीसगढ़ संगठन से गहरा जुड़ाव

नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन से पुराना और मजबूत संबंध रहा है। भाजपा के विपक्ष में रहने के दौरान पार्टी नेतृत्व ने उन्हें छत्तीसगढ़ संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने पहले सह-प्रभारी और बाद में प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। साल 2021 से 2024 के बीच वे छत्तीसगढ़ भाजपा के सह-प्रभारी रहे। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन्हें प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया। जुलाई 2024 से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाते रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नितिन नवीन ने अपने कार्यकाल में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने और चुनावी प्रबंधन को धार देने का काम किया। यही वजह रही कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत दर्ज की और सत्ता में वापसी की।

जल्द बन सकती है नई राष्ट्रीय टीम

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब नितिन नवीन जल्द ही अपनी नई राष्ट्रीय टीम का गठन कर सकते हैं। भाजपा के भीतर इस बात की चर्चा तेज है कि उनकी टीम में छत्तीसगढ़ से भी कुछ अहम चेहरों को जगह मिल सकती है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय और चुनावी राजनीति में प्रभाव रखने वाले नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ भाजपा में नितिन नवीन की मजबूत पकड़ और प्रदेश के नेताओं के साथ उनके बेहतर तालमेल को देखते हुए संगठन में राज्य की भूमिका पहले से ज्यादा मजबूत हो सकती है।

संगठन और सरकार के समन्वय पर जोर

दिल्ली में हुई मुलाकात को भाजपा के संगठनात्मक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार जहां प्रदेश में विकास और सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने में जुटी है, वहीं संगठन भी आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ सरकार के कामकाज की समीक्षा और आगामी रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी उनके दौरे को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि प्रभारी रहते हुए उन्होंने प्रदेश में लगातार प्रवास कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कायम रखा था।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H