चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय विशेष दौरे के तहत 20 जून को पंजाब आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन 20 जून को सबसे पहले अमृतसर पहुंचेंगे, जहां वे सचखंड श्री हरिमंदर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वे अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
अटारी बॉर्डर पर जवानों संग करेंगे योग, फिर लुधियाना के लिए होंगे रवाना
दौरे के दूसरे दिन, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अटारी बॉर्डर पहुंचेंगे। वहां वे सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ मिलकर योग अभ्यास करेंगे। योग दिवस के कार्यक्रम के बाद वे जालंधर होते हुए औद्योगिक नगरी लुधियाना के लिए रवाना होंगे। नितिन नवीन 21 और 22 जून को लुधियाना में रुकेंगे और यहीं से पंजाब के आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी की अहम संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।

पंजाब भाजपा की तैयारियां तेज, नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस अहम दौरे को लेकर पंजाब भाजपा द्वारा तैयारियों को बड़े स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में गुरुवार को लुधियाना भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक विशेष बैठक हुई। इसमें नितिन नवीन के स्वागत और कार्यक्रमों के प्रबंधों को सफल बनाने के लिए अलग-अलग नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गईं। इस अहम बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान द्वारा की गई। बैठक में विशेष रूप से पहुंचे प्रदेश संगठन मंत्री श्रीनिवासुलू, प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, प्रदेश उपाध्यक्ष जतिंदर मित्तल और प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी ने शामिल होकर प्रबंधों का जायजा लिया।
पंजाब की धरती पर होगा ऐतिहासिक स्वागत
भाजपा के प्रदेश संगठन महासचिव श्रीनिवासुलू ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले पंजाब दौरे को लेकर पूरी लीडरशिप और आम कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। इस स्वागत कार्यक्रम के लिए सभी संबंधित जिलों के पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का लुधियाना आगमन स्थानीय कार्यकर्ताओं के लिए बहुत गर्व की बात है, इसलिए इस दौरे को बेहद यादगार बनाया जाएगा। संगठन मंत्री श्रीनिवासुलू ने सभी कार्यकर्ताओं को पूरी लगन, कड़े अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
- झारखंड को मिलेगा पहला फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, SRFTI और JFDCL के बीच MoU हस्ताक्षर सम्पन्न
- पीएम SETU योजना के तहत 520 करोड़ की सौगात, कैथल-कुरुक्षेत्र के युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय स्किल प्रशिक्षण: नवीन जिन्दल
- सरकारी कामकाज में बढ़ेगा AI का इस्तेमाल: ग्राम्य विकास विभाग ने ChatGPT Plus और Google AI Pro के लिए मांगी वित्तीय मंजूरी
- जिंदगी से खिलवाड़ : नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाईयां बना रही थी फैक्ट्रियां, FSDA का चला हंटर
- पटना समेत 8 जिलों में झमाझम बारिश, 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी


