कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने हरियाणा में बड़े जनसंपर्क अभियान का ऐलान किया है। 7 जून से 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के जरिए भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। अभियान की थीम “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” तय की गई है।
भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर 4 सदस्यीय और मंडल स्तर पर 3 सदस्यीय समितियों का गठन किया गया है। पार्टी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को केंद्र सरकार के कामकाज की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के तहत 8 जून से 12 जून के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विभिन्न मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से साझा किया जाएगा।
इसके अलावा 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें भाजपा नेता और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहेंगे। इस दौरान घर-घर संपर्क कर केंद्र सरकार की योजनाओं और लाभार्थी आधारित कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी का फोकस गांवों और शहरी क्षेत्रों दोनों में व्यापक जनसंवाद स्थापित करने पर रहेगा।
अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होगा। इस दिन प्रदेश के प्रत्येक मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। भाजपा इसे केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि सरकार के 12 वर्षों के कामकाज को जनता के सामने रखने का प्रयास बता रही है।

