कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाने की बड़ी घोषणा की है। इस दौरान पूर्व मंत्री जनक राम विधायक सुजीत पासवान और संगीता कुमारी विशेष रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने ऐलान किया कि संत रविदास के समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देश भर में व्यापक स्तर पर समरसता संकल्प समारोह आयोजित किया जाएगा।
भव्य आयोजन की रूपरेखा
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री जनक राम ने बताया कि संत रविदास महाराज के 650वें जन्मोत्सव को समरसता संकल्प के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। यह बहुप्रतीक्षित समारोह 29 जुलाई से 20 फरवरी तक लगभग सात महीनों तक चलाया जाएगा। इस दौरान देश के कोने-कोने में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
दीप प्रज्जवलन और मठों में कार्यक्रम
अभियान के तहत देश भर में 11 हजार प्रमुख स्थानों और लगभग 51 हजार मंदिरों व मठों में भव्य रूप से दीप जलाए जाएंगे। आगामी 29 जुलाई को देश भर के सभी चिन्हित मठों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिससे पूरे देश में आध्यात्मिक और समरसता का सकारात्मक माहौल बनेगा।
गांव और छात्रावासों में संवाद
यह अभियान केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि गांव-गांव और हर कस्बे में संत रविदास के जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही युवाओं को जोड़ने के लिए देश भर के सभी छात्रावासों में समरसता संवाद और देश के विभिन्न हिस्सों में समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी।
अंत में पूर्व मंत्री जनक राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी निष्ठा के साथ संत रविदास के बताए गए पदचिन्हों पर चल रहे हैं और समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।


