संजय पाटीदार, भोपाल। आगर मालवा जिले में कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार द्वारा अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोले जाने के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस अंदरूनी कलह को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी डैमेज कंट्रोल करते हुए भाजपा को अपने घर में झांकने की नसीहत दी है।
कांग्रेस नेताओं का यह राजनीतिक नहीं, ‘पर्यटन टूर’
सुसनेर से कांग्रेस विधायक भेरू सिंह परिहार द्वारा पूर्व मंत्री अजय सिंह (राहुल भैया) पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भाजपा प्रवक्ता कर्नल ईशान सिंह (किशन) ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्कलह अब पूरी तरह से सड़क पर आ चुकी है। इनके विधायक खुद अपने प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इन बयानों से कांग्रेस के भीतर चल रहे अंतरद्वंद्व को साफ समझा जा सकता है।”
कर्नल ईशान ने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता जनता की सेवा के लिए बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। चुनाव से ठीक पहले ये नेता सिर्फ घूमने-फिरने निकल रहे हैं और इनका यह दौरा राजनीतिक कम, ‘पर्यटन टूर’ ज्यादा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी छोड़ने का मन बना रहे विधायक का वह उनका अपना निजी निर्णय है, लेकिन इससे कांग्रेस की असलियत जनता के सामने आ गई है।
भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की चिंता करे
भाजपा के इस तीखे हमले पर कांग्रेस ने भी कड़ा रुख अपनाया है। विधायक के बागी तेवरों और भाजपा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ने कहा, “कांग्रेस पार्टी एक लोकतांत्रिक संगठन है और यहाँ हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की बात पूरी गंभीरता से सुनी जाती है। सुसनेर विधायक भेरूसिंह परिहार को जो भी शिकायत है, उस पर पार्टी में चर्चा होगी और उनकी बात सुनी जाएगी।”
कांग्रेस महासचिव ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भाजपा के भीतर अपने ही कार्यकर्ताओं की कोई सुनने वाला नहीं है और वहां घोर असंतोष व्याप्त है। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ हमेशा संवाद के लिए तैयार रहती है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा सियासी बवाल तब शुरू हुआ जब पूर्व मंत्री अजय सिंह के आगर मालवा दौरे के दौरान स्थानीय कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी गई। विधायक ने वरिष्ठ नेताओं पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए यहाँ तक कह दिया था कि यदि संगठन में उनकी उपेक्षा बंद नहीं हुई, तो वे कांग्रेस छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं। अब इसी मुद्दे को लपकते हुए भाजपा ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

