कुंदन कुमार, पटना। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हाल ही में एक राजनीतिक कार्यक्रम और झंडोत्तोलन के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस कार्यालय में जिस तरह से राष्ट्रीय गीत का अनादर किया गया, वह बेहद शर्मनाक है और इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
दो पैरे के गायन पर उठे सवाल
संजय सरावगी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यालय में झंडोत्तोलन और राष्ट्रीय गीत के गायन के दौरान राहुल गांधी और सोनिया गांधी की जो भाव-भंगिमा और प्रतिक्रियाएं थीं, वे अपने आप में कई सवाल खड़े करती हैं। दो पैरा गाने के बाद जिस तरह से बीच में ही कार्यक्रम को लेकर उनकी उदासीनता या असहजता दिखी, उससे साफ जाहिर होता है कि पार्टी अपने खास वोट बैंक को साधने के लिए राष्ट्र के प्रतीकों के साथ भी समझौता करने से नहीं हिचकिचाती।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक और चुनावी नफा-नुकसान को ध्यान में रखकर राष्ट्रीय गीत का इस तरह से अपमान किया जाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। देश की जनता अपनी संस्कृति, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति बेहद संवेदनशील है और ऐसे कृत्य करने वालों को माफ नहीं करेगी।
जनता सिखाएगी सबक: बीजेपी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि देश की महान जनता सब कुछ बहुत करीब से देख रही है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के चलते राष्ट्रहित को दरकिनार करती आई है। इस बार भी वोट बैंक की गंदी सियासत के चक्कर में उन्होंने राष्ट्रीय गीत का सम्मान तक नहीं रखा। आने वाले समय में देश और राज्य की जनता ऐसे नेताओं को उनके इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये और राष्ट्र विरोधी आचरण के लिए करारा सबक सिखाएगी।


