शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज भाजपा किसाना मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने को लेकर बड़ा फैसला लिया गया।
बैठक में प्रदेश के 27 हजार बूथों पर ‘किसान मितान’ बनाने का लक्ष्य तय किया गया। प्रत्येक बूथ पर 10-10 किसान मितान बनाए जाएंगे। इस तरह प्रदेशभर में करीब 2.70 लाख किसान मितान तैयार किए जाएंगे। इन्हें किसानों और संगठन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।


किसानों से सीधा संवाद पर जोर
भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में तय किया गया कि किसान मितान गांव और बूथ स्तर पर किसानों से संपर्क करेंगे। किसानों की समस्याओं, सुझावों और सरकार की योजनाओं की जानकारी को संगठन तक पहुंचाने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने में भी उनकी भूमिका रहेगी। जनवरी तक किसान मितान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पार्टी की ओर से बड़े स्तर पर वृहद किसान सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी की जाएगी।
हर बूथ में बनाए जाएंगे 10-10 मितान
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की आज बैठक हुई है। भाजपा निरंतर संगठन को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करती रहती है। किसान मोर्चा हमारा मजबूत संगठन है। राज्य में हर व्यक्ति किसान ही है। किसानों के माध्यम से हम संगठन को और मजबूती प्रदान करना चाहते हैं। हम किसान मितान का गठन करके हर बूथ में 10-10 मितान बनाने वाले हैं।

354 नए खरीदी केंद्र खोलने की तैयारी
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा, किसानों को लाइन पर खड़े न रहना पड़े इसलिए सरकार 354 खरीदी केंद्र और खोलने वाले हैं। राज्य के किसानों को भूपेश बघेल ने ठगने का काम किया है। हम किसानों से किए हर एक वादे पूरे कर रहे हैं। विपक्ष के आरोप पूरे तरीके से निराधार है। विपक्ष पूरे तरीके से दिशाहीन हो चुका है। हमारे किसान भाई भाजपा के साथ हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


