संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बड़े राजनीतिक अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी जल्द ही राज्यभर में ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान चलाने जा रही है, जिसके तहत बूथ और मंडल स्तर तक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इस संबंध में प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

संगठन महामंत्री ने ली उच्चस्तरीय बैठक

पार्टी कार्यालय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक की कमान बीजेपी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संभाली। बैठक में उपमुख्ययमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए इस बैठक से जुड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में मीडिया विभाग के प्रभारी बृजगोपाल लोया भी शामिल हुए। पार्टी ने तय किया है कि इस अभियान की रूपरेखा को बूथ और मंडल स्तर तक पहुँचाया जाएगा, जिसके तहत मध्य प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस (पत्रकारवार्ता) कर इस अभियान की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना चाहती है कांग्रेस

बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि- लोकतंत्र का गला घोंटना: जब कांग्रेस सत्ता में थी तब उसने हमेशा लोकतंत्र का गला घोंटा है, जबकि बीजेपी सत्ता में रहकर भी लोकतंत्र की रक्षा कर रही है। भीड़ तंत्र और अराजकता: कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है और भीड़ तंत्र के माध्यम से लोकतंत्र को लगातार खतरा पैदा कर रही है।

बांग्लादेश जैसी स्थिति का आरोप

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश में ‘बांग्लादेश जैसे हालात’ पैदा करना चाहती है, जिस तरह बांग्लादेश में लोकतंत्र के माध्यम से चुनी गई सरकार को हटाने का काम किया गया था। संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल: उन्होंने आगे कहा कि संविधान में चुनाव आयुक्त को हटाने की स्पष्ट प्रक्रिया दी गई है, लेकिन जो लोग चुनाव हार चुके हैं और अब मैदान में जीत नहीं पा रहे हैं, वे देश में अलग माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी के इस नए अभियान को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जन-जागरण के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m