रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने बूथ से लेकर गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षित करने का अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत मोबाइल ऐप के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और विभिन्न योजनाओं से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी के इस डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में कार्यकर्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से पार्टी का इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं से संबंधित डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और सहज बनाने के लिए ऑडियो और वीडियो मॉड्यूल भी तैयार किए गए हैं, जिससे बूथ स्तर तक कार्यकर्ता आसानी से सीख सकें।
कांग्रेस के शिविर में आज जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे भूपेश बघेल
रायपुर। कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। शिविर में आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे और पार्टी के जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम 6 बजे प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे संगठन की मजबूती, पार्टी की विचारधारा, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर अपना व्याख्यान देंगे। कांग्रेस का उद्देश्य इस प्रशिक्षण के जरिए जिला स्तर के नेतृत्व को और अधिक सक्रिय, सक्षम और संगठित बनाना है, ताकि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

पद्मश्री बुधरी ताती व डॉ. गोडबोले का सम्मान आज
रायपुर। वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा राजधानी के रोहिणीपुरम स्थित शबरी कन्या आश्रम में पद्मश्री बुधरी ताती, डॉ. राम गोडबोले और सुनीता गोडबोले का सम्मान किया जाएगा। यह कार्यक्रम 27 जून शनिवार को शाम 6 बजे आयोजित किया गया है। यह जानकारी वनवासी विकास समिति के अध्यक्ष उमेश कच्छप ने दी।
आज और कल रायपुर में रहेंगे सुधांशु महाराज
रायपुर। विश्व जागृति मिशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज 27 और 28 जून को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। उनके सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विश्व जागृति मिशन के पदाधिकारियों ने बताया कि, 27 जून शनिवार को शाम 5 बजे से 7 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर, जीई रोड रायपुर में महाराज का विशेष प्रवचन होगा। इस दौरान वे धर्म, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों पर अपने विचार रखेंगे। प्रवास के दूसरे दिन 28 जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक परसदा-कुम्हारी स्थित विश्व जागृति मिशन आश्रम में गुरु दर्शन, चरण पादुका पूजन और आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा।
ई-रिक्शों में आज से लगेंगे क्यूआर कोड
रायपुर। राजधानी में क्यूआर कोड और स्टैंड सिस्टम से ऑटो और ई रिक्शे चलाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। पहले चरण में ऑटो ई रिक्शों की गिनती पूरी की गई। इसके बाद खासतौर पर तैयार एप के जरिये इनका पंजीयन किया गया। राजधानी में 15 हजार ई रिक्शे व ऑटो पंजीकृत हुए हैं। इनमें 27 जून से क्यूआर कोड लगाने की शुरूआत की जाएगी। इस मौके पर ट्रैफिक मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, डिप्टी पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले की उपस्थिति में सादे समारोह का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप की अंतिम तिथि 7 जुलाई तक बढ़ी
रायपुर। मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई से बढ़ाकर 7 जुलाई 2026 कर दी गई है। यह पाठ्यक्रम वनवा रायपुर स्थित आईआईआईटी में संचालित होगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपए की फेलोशिप मिलेगी और उनकी पूरी ट्यूशन फीस का भुगतान छत्तीसगढ़ शासन करेगा। छत्तीसगढ़ के मूल निवासी इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी आईआईआईटी-एनआर की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी संस्थान के दूरभाष क्रमांक 0771-2474048 और 0771-2474182 पर संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

