शिवम मिश्रा, रायपुर। NEET पेपर लीक मामले में बीती रात पीएम आवास के सामने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के साथ कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ा हुआ है. इसकी आज नमूना दिल्ली से लेकर रायपुर तक देखने को मिला. राजधानी रायपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत आधा दर्जन मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के खिलाफ जंगी प्रदर्शन किया.
दिल्ली में पीएम आवास के सामने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के साथ कांग्रेस के प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा के नेता-कार्यकर्ता शंकर नगर में एकजुट हुए और कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया. माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भी अपनी तैयारी की थी. प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी.

लेकिन भाजपा कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर कूच करने लगे. स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोलों के साथ पानी की तैज बौछार शुरू की. भाजपा के घंटों तक आक्रोशित प्रदर्शन के बाद बड़े नेताओं की समझाइश के बीच सांकेतिक प्रदर्शन भी किया गया.
भाजपा के जंगी प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राजेश अग्रवाल, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी रजवाड़े, वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सेमत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया
भाजपा प्रदर्शन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि काँग्रेस का शर्मनाक कृत्य सामने आया है. इनके नेता प्रधानमंत्री आवास के सामने बैठकर अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं. हमारे देश के शीर्ष पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक बात है. इसका आक्रोश जनता और कार्यकर्ताओ में है. इसी का विरोध करने हम आज काँग्रेस मुख्यालय की ओर कूच करने निकले हुए है. आंसू गैस दागे जाए चाहे वाटर कैनन चलाया जाए, हमारे नेता मोदी जी के ख़िलाफ अपशब्द सुनने के बाद कार्यकर्ता रुकने नहीं वाले हैं. सरकार संसद में चर्चा को भी तैयार है, लेकिन कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कल जैसा आचरण दिखाया है. जिस प्रकार से नियमों को तोड़कर प्रधानमंत्री आवास के बाहर बैठा गया है. राहुल गाँधी ने आंदोलन को भड़काने की कोशिश की है. राहुल गांधी का कृत्य संविधान और लोकतंत्र के विपरीत है. ऐसा आचरण संवैधानिक पद पर रहते हुए व्यक्ति को शोभा नहीं देता है. राहुल गाँधी का कृत्य हमारे देश के लिए दुर्भाग्यजनक है. संसद में विपक्ष चर्चा के लिए भाग रहा है, क्योंकी इनके पास तर्क नहीं है, तथ्य नहीं है. विपक्ष की मानसिकता केवल लोकसभा की कार्रवाई को बाधित करना और देश में अराजकता फैलाना ही है.
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि काँग्रेस नेता राहुल गाँधी ने संविधान विरोधी हरकत की है, जिसका विरोध पूरा देश कर रहा है. इसी का विरोध हम भी आज करने बैठे हुए है. कॉंग्रेस मुख्यालय का घेराव किया जाएगा.

वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कहा कि जिस प्रकार से नेता प्रतिपक्ष संविधानों की खिलवाड़ उड़ाते हुए, देश में अराजकता फैला रहे हैं. इसकी हम निंदा करते है. इसका विरोध किया जा रहा है. ये भारत नियम सिद्धांत और शांति से चलने वाला देश है. ये देश कॉंग्रेस ले विचारो से चलने वाला देश नहीं है. जिस प्रकार से टुकड़े-टुकड़े में बाँटकर देश के भीतर देश विरोधी गतिविधियों को संजाम दिया जा रहा है. इसे देश की जनता जान चुकी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


