वीरेंद्र कुमार, नालंदा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में बिहार के हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस घोषणा के बाद नालंदा जिले के रहुई प्रखंड स्थित उनके ननिहाल मूसेपुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और परिजनों ने ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। इस दौरान बड़ों और संत बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए समर्थकों का विशाल काफिला निकला।

जेडीयू प्रवक्ता अनुप्रिया ने दी बधाई

​हिमांशु यादव की इस उपलब्धि पर मूसेपुर स्थित संत बाबा के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जेडीयू की प्रदेश प्रवक्ता अनुप्रिया और मामा रंजीत यादव ने बताया कि हिमांशु का ननिहाल मूसेपुर में है और यहां के संत बाबा में सभी की अगाध श्रद्धा है। इसलिए नई जिम्मेदारी की शुरुआत आध्यात्मिक आशीर्वाद से की गई। अनुप्रिया ने कहा कि युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलना बेहद आवश्यक है। वर्ष 2005 से बिहार में आए राजनीतिक बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमांशु युवाओं के उत्थान और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।

​शीर्ष नेतृत्व और पीएम मोदी का जताया आभार

​राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनने के बाद हिमांशु यादव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिहार के एक सामान्य युवा पर भरोसा जताकर यह अवसर दिया है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई औपचारिक जुलूस नहीं निकाला गया था, बल्कि यह परिजनों और समर्थकों का स्नेह था जो उन्हें संत बाबा के दर्शन के लिए साथ ले आया।

​युवा प्रोफेशनल्स और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ना प्राथमिकता

​अपनी भावी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए हिमांशु यादव ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता युवाओं को संगठन से जोड़ना होगी। वे युवा प्रोफेशनल्स, यूट्यूबर्स, डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स और स्वतंत्र मीडिया से जुड़े लोगों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।

​सैकड़ों समर्थकों ने दी शुभकामनाएं

​इस अवसर पर सुमिन्दर यादव, अंकित कुमार उर्फ बिट्टू, सदानंद कुमार, सनी कुमार, मुकेश कुमार, उदय कुमार, विजय यादव, शैलेंद्र कुमार, सोनू कुमार, दीपक कुमार, अवधेश यादव, गुड्डू यादव और साहिल यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने हिमांशु यादव के सफल कार्यकाल की कामना की।