मुकेश मिश्रा, अशोकनगर। Black magic to attract schoolgirls: मध्य प्रदेश के अशोकनगर में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को पकड़ा है जो तंत्र-मंत्र और इत्र के जरिए लड़कियों को हिप्नोटाइज करने की कोशिश करता था। आरोपी छात्राओं का पीछा कर मंत्र उच्चारण करता था। पुलिस ने उसे पकड़ा तो जो उसने बताया, वह सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
दरअसल, सावन गांव का रहने वाला शख्स विशाल रघुवंशी कुछ दिनों से स्कूली छात्राओं का वाहन से पीछा कर कुछ मंत्र पढ़ता था। डरी-सहमी छात्राओं ने जब इसकी शिकायत परिजनों से की तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने फौरन कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने गंभीरता से इस पर एक्शन लिया और जाल बिछाकर आरोपी को विदिशा रोड से दबोचा।
आरोपी विशाल ने बताया कि वह लड़कियों को तंत्र-मंत्र और इत्र के जरिए अपनी ओर आकर्षित करना चाहता था। पुलिस ने उसके बैग से काली सहस्त्रनामावली किताब और इत्र जब्त कर लिया है। आरोपी के परिजनों ने भी बताया है कि वह घर पर भी काफी समय से मंत्रोचार जैसे काम कर रहा था।
इस घटना के बाद लड़कियों में खौफ बढ़ गया है। जिसके बाद पुलिस ने निर्णय किया है कि स्कूलों के रास्ते पर निर्भया पुलिस वाहन नियमित पेट्रोलिंग करेगी।

