अनिल सक्सेना रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सांचेत स्थित प्रसिद्ध कालभैरव धाम में बीती देर रात जमकर बवाल हो गया। चमत्कारी रूप से लोगों की शराब की लत छुड़ाने का दावा करने वाले धाम के प्रमुख, नाना गुरु सरकार (नाना साहेब) पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई इस भीषण और हिंसक झड़प में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ से परेशान थे पड़ोसी
बताया जा रहा है कि प्रसिद्ध कालभैरव धाम पर शराब की लत से पीड़ित हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। हर दिन लगने वाले इस तांते और भीड़भाड़ से आसपास के पड़ोसी काफी समय से परेशान थे, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और ज्यादा गहरा गई थी। बीती रात दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई और दोनों तरफ से लाठी-डंडे व धारदार हथियार निकल आए।
रीढ़ की हड्डी में चोट, भोपाल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही देवनगर थाना पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टर आर.के. वर्मा ने बताया कि घायलों में धाम प्रमुख नाना साहेब की स्थिति सबसे ज्यादा नाजुक बनी हुई है। उनकी रीढ़ की हड्डी (रीड) में गंभीर चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल भोपाल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।

