पवन राय, मंडला। जिले के घुघरी थाना क्षेत्र के ग्राम घोरेघाट में देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। किराना दुकान पर सामान के पैसे मांगना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि बाहर से बुलाए गए बदमाशों ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद गांव और अस्पताल परिसर में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
6 गाड़ियों में भरकर आए बदमाशों का तांडव
दरअसल ग्राम घोरेघाट में मशीन से बोरिंग का काम चल रहा था। देर रात बोरवेल के कुछ कर्मचारी शराब के नशे में किराना दुकान पहुंचे और सामान लेने के बाद पैसे देने से इनकार करने लगे। जब दुकानदार अजय पड़वार ने पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद के बाद कर्मचारियों ने मंडला से करीब 6 चार पहिया वाहनों में बड़ी संख्या में लोगों को बुला लिया। गांव पहुंचते ही बदमाशों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। दुकानदार अजय को बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई अनिल पर भी बेरहमी से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर इतने उग्र थे कि उन्होंने महिलाओं और मासूम बच्चों तक को नहीं छोड़ा। पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर और गांव में भारी तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

