अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शुमार कटनी अब अपराधियों और अवैध वेंडरों का चारागाह बनता जा रहा है। आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की कथित निष्क्रियता का खामियाजा आम यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन (गाड़ी संख्या 11602/61620) का है, जहाँ अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
विवाद से शुरू हुई बात, इंजन तक पहुँचे युवक
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के कटनी से रवाना होने के कुछ ही देर बाद रीठी स्टेशन के पास दमोह निवासी कुछ यात्रियों और सलैया के अवैध वेंडरों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते वेंडरों ने उग्र होकर धारदार वस्तुओं से यात्रियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हंगामे के बीच जब ट्रेन बकलेहटा स्टेशन पहुँची, तो आक्रोशित यात्रियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर ट्रेन के इंजन में घुसने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी और तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के पहुँचते ही भागे उपद्रवी
घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस को आता देख मारपीट और पथराव कर रहे असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल डायल 112 की मदद से घायल यात्रियों को रीठी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
इस घटना ने कटनी जंक्शन और यहाँ से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्रेनों में अवैध रूप से खान-पान बेचने वाले वेंडरों की दबंगई बढ़ती जा रही है। आए दिन यात्रियों के साथ अभद्रता और मारपीट की खबरें सामने आती हैं। कटनी जंक्शन से रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं, इसके बावजूद ट्रेनों में लूट, चोरी और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। घटना के वक्त ट्रेन में किसी भी सुरक्षा बल की मौजूदगी न होना और जीआरपी-आरपीएफ की टीम का घंटों बाद पहुँचना रेलवे की मुस्तैदी की पोल खोलता है।
एक घंटे देरी से रवाना हुई ट्रेन
करीब एक घंटे तक बकलेहटा स्टेशन पर हुए इस बवाल के बाद, रात लगभग 8:30 बजे मेमू ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।कटनी से पहुँची आरपीएफ और जीआरपी की टीम मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

