प्रवीण भारद्वाज, पानीपत. पानीपत के सिवाह बस अड्डा परिसर में कार पार्किंग की पर्ची कटवाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के मुख्य आरोपी संगम उर्फ ब्लैकिया को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हो गया है।

क्या था पूरा मामला?
पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत के खेड़ी गुजर गांव निवासी गोविंद ने बताया कि 25 अप्रैल की सुबह करीब 10:15 बजे वह अपने ड्राइवर अलमद्दीन उर्फ काला के साथ बच्चों को छोड़ने सिवाह बस अड्डा आया था। अलमद्दीन बच्चों को बस में बैठाने गया और गोविंद कार में ही रुका था।
तभी पार्किंग की तरफ से एक लड़का आया और पार्किंग के पैसे मांगने लगा। गोविंद ने कहा कि ड्राइवर के आते ही गाड़ी हटा लेंगे। इसी बात पर बहस बढ़ गई। जब अलमद्दीन वापस लौटा और वे गाड़ी निकालने लगे, तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पेट में घोंपा चाकू, लाठी-डंडों से भी पीटा
विवाद इतना बढ़ा कि पार्किंग में काम करने वाले संगम उर्फ ब्लैकिया ने चाकू निकालकर गोविंद के पेट में घोंप दिया। जब उसने दोबारा वार करना चाहा, तो अलमद्दीन ने हिम्मत दिखाकर चाकू पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों ने गोविंद को गर्दन से पकड़कर गाड़ी से बाहर खींचा और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। लहूलुहान हालत में गोविंद को पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामूली कहासुनी में वारदात, दो साथी अब भी फरार
पूछताछ में आरोपी संगम उर्फ ब्लैकिया (निवासी रिसालू) ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बस अड्डे की पार्किंग में काम करता है और पर्ची काटने को लेकर ही झगड़ा हुआ था। वारदात में उसके दो साथी मोनू और अंकित भी शामिल थे, जो अभी फरार हैं।”
पुलिस ने मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है और दावा है कि उन्हें भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

