हेमंत शर्मा, इंदौर। बारिश के मौसम में नदी, डैम और कुंडों का जलस्तर बढ़ने से पिकनिक मनाने जा रहे लोगों के साथ हादसों का दौर जारी है। रविवार को इंदौर और महेश्वर क्षेत्र में पानी में डूबने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में दो नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि सहस्रधारा में तेज बहाव में बहे एक युवक की तलाश जारी है।

  1. लोधिया कुंड में 17 वर्षीय किशोर की मौत
    महू स्थित प्रसिद्ध लोधिया कुंड में पिकनिक मनाने पहुंचा 17 वर्षीय युवक नहाते समय गहराई का अंदाजा न होने के कारण पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय प्रशासन की मदद से उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
  2. चोरल डैम में डूबने से 15 साल के मासूम ने तोड़ा दम
    दूसरी घटना चोरल डैम की है, जहां 15 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
  3. महेश्वर की सहस्रधारा में तेज बहाव में बहा युवक
    वहीं खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्रधारा में एक 30 वर्षीय युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। घटना के बाद देर शाम तक रेस्क्यू टीम द्वारा उसकी तलाश की जाती रही, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पुलिस और प्रशासन की अपील: खतरनाक क्षेत्रों से रहें दूर

बारिश के कारण इंदौर और आसपास के नदी-नालों, कुंडों तथा डैमों में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जो हादसों की सबसे बड़ी वजह बन रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता तथा पर्यटकों से सख्त अपील की है कि वे पिकनिक स्पॉट्स पर सतर्क रहें और गहरे पानी या तेज बहाव वाले इलाकों में जाने से बचें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m