सुशीला देवी, गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते पेट्रोल पंप पर युवक के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया है, जबकि दूसरे आरोपी को अवैध देशी कट्टे के साथ पकड़ा गया।

पेट्रोल पंप पर हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात करीब 11:50 बजे शिकायतकर्ता अपने साथी के साथ घामड़ोज स्थित गोवर्धन पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथी को कार से बाहर खींच लिया और डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर शिकायतकर्ता के साथ भी मारपीट की गई और उसकी कार में तोड़फोड़ की गई। शिकायत के आधार पर भोंडसी थाना में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आई पुरानी रंजिश
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा, सोहना ने मुख्य आरोपी तरुण उर्फ जादू (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता के ताऊ के लड़के से चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, तरुण के खिलाफ पहले भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज है।
दूसरे आरोपी के पास मिला अवैध कट्टा
पुलिस ने दूसरे आरोपी कृष्ण उर्फ काले (24) को सोहना-पलवल रोड से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने भी मारपीट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


