दीपक कौरव, नरसिंहपुर। जिले में पुरानी रंजिश के चलते डंडों से पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला कायम कर जांच में जुट गई है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दरअसल नयागांव निवासी 48 वर्षीय गजराज पिता रूपसिंह सिलावट दोपहर को सेविंग करवाने के लिए सेलून दुकान जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी प्रदीप, अखिलेश और सुषमा सिलावट से उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने गजराज पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत गजराज को मृत घोषित कर दिया।
शराब पीकर गाली-गलौज करता था
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपियों और मृतक के परिवार के बीच रंजिश थी। आरोपी अक्सर शराब पीकर गाली-गलौज करता था। इसी विवाद के चलते प्रदीप, अखिलेश, और सुषमा सिलावट द्वारा गजराज की लाठी डंडे से मारपीट की गई। जिससे उसकी मौत हो गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

