झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हितेश उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने हितेश को संभलने तक का मौका नहीं दिया। वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और गांव छावनी में तब्दील हो गया है।

फोन पर कर रहा था बात, अचानक आई बोलेरो और बरसने लगीं गोलियां

वारदात उस वक्त हुई जब हितेश अपने घर के बाहर खड़ा होकर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। तभी अचानक वहां एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी रुकते ही उसमें से 3-4 हथियारबंद युवक नीचे उतरे और हितेश को घेर लिया। हमलावरों ने बिना कोई वक्त गंवाए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक करीब 20 से 25 राउंड फायर किए, जिससे हितेश का पूरा शरीर छलनी हो गया। गोलियां लगने से हितेश ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें, मौके से मिले खोखे़

गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर परिवार वाले और पड़ोसी जब तक दौड़कर बाहर आए, हितेश खून से लथपथ जमीन पर गिर चुका था। तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हितेश को झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने सुबाना गांव पहुंचकर घटनास्थल से खाली खोखे और अन्य सबूत जुटाए।

बदले की आग में हुआ मर्डर, एक आरोपी की हुई पहचान

झज्जर की डीसीपी धारणा यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश और गैंगवार का नतीजा है। शुरुआती जांच में एक मुख्य आरोपी की पहचान गिरधरपुर निवासी डीकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिनों पहले मृतक हितेश के पक्ष की तरफ से भी डीकेश पर फायरिंग की गई थी। उसी का बदला लेने के लिए इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और दावा है कि जल्द ही सभी शूटर सलाखों के पीछे होंगे।