कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े ईंट भट्ठे पर चौकीदारी कर रहे 65 साल के बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने लाठी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान परदेसी बाबा के रूप में हुई है,पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

परदेसी बाबा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले थे

दरअसल घटना झांसी रोड इलाके के नीडम के पास स्थित प्यारेलाल के बंद पड़े ईंट भट्ठे की है। पुलिस के मुताबिक मृतक परदेसी बाबा मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले थे। करीब पांच साल से वह इस बंद पड़े ईंट भट्ठे की देखरेख कर रहे थे। उनका असली नाम और पूरा पता बहुत कम लोगों को ही मालूम था।वह रोज की तरह भट्ठे पर पहुंचे थे,दोपहर जब भट्ठा मालिक प्यारेलाल वहां पहुंचे तो उन्होंने परदेसी बाबा का शव तख्त पर पड़ा देखा। शव के पास खून से सनी लाठी पड़ी थी और सिर पर गहरे चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। शुरुआती जांच में आशंका है कि बदमाशों ने सोते समय लाठी से हमला कर उनकी हत्या की।

सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश

पुलिस का मानना है कि किसी बात को लेकर परदेसी बाबा का आरोपियों से विवाद हुआ होगा, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि भट्ठा लंबे समय से बंद होने के कारण वहां आने-जाने वालों की जानकारी जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल झांसी रोड थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के कारण का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

जयराज कुबेर- ASP ग्वालियर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m