पवन राय, मंडला। जिले से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक बेहद दुखद और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक तरफ पूरा देश भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्यौहार मना रहा था, वहीं बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा (कोटवार टोला) में दो सगे भाइयों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली बात पर हुए विवाद में छोटे भाई ने ही अपने सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।
खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घर में खाना बनाने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
8 साल की बच्ची की सूझबूझ: 5 किमी पैदल चलकर पहुंची थाना
इस पूरी दिल दहला देने वाली घटना की चश्मदीद आरोपी की मासूम बेटी बनी। पिता की इस हैवानियत को देखकर बच्ची घबराई नहीं, बल्कि उसने गजब की सूझबूझ दिखाई। मासूम बच्ची तुरंत घर से निकली और करीब 5 किलोमीटर का सफर पैदल तय करके सीधे बिछिया थाने पहुंची और पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बच्ची की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद से ही आरोपी भाई मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
रंजीत सैयाम थाना प्रभारी, बिछिया ने बताया कि- “ग्राम नेवसा में खाना बनाने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


