कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर रांझी थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली चलाकर इलाके में सनसनी फैला दी है। शिव शक्ति चौराहे के सामने एक 35 वर्षीय युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक हमले में युवक के सिर और हाथ में गोली लगी है। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में आ गए। वहीं वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके।

