ओमान के रास अल हद्द तट के पास समुद्र में एक धौ (नौका) अचानक से डूब गई. इस नाव में 14 भारतीय नाविक सवार थे. इसके बाद अमेरिकी नौसेना ने वहां बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया. अमेरिकी नौसेना ने इस आपात स्थिति की जानकारी तटीय अधिकारियों और भारतीय नौसेना को दी, जिसके बाद सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित रूप से बचा लिया गया.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, पूरी घटना 14 जून की सुबह ओमान के रास अल हद्द से करीब 80 समुद्री मील पूर्व में हुई. यहां सूचना मिली कि एक पारंपरिक धौ (नाव) समुद्र में संकट में है और उसके डूबने का खतरा पैदा हो गया है. इस नाव पर कुल 14 भारतीय सवार थे. नांव से लगातार इमरजेंसी कॉल आ रहे थे. जिसके बाद हालात की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी नौसेना का पी-8 समुद्री निगरानी विमान मौके पर पहुंचा. विमान ने तत्काल एक लाइफ राफ्ट समुद्र में गिराई. अमेरिकी नौसेना ने अपनी निगरानी के दौरान देखा कि नाव पर मौजूद लोग सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट में सवार हो गए.
इसके बाद आसपास मौजूद जहाजों से भी मदद मांगी गई. अमेरिकी नौसेना के पी-8 विमान ने सेंट किट्स एंड नेविस ध्वज वाले व्यापारी जहाज एमवी जबल अली 9 (MV Jabal Ali 9) को राहत कार्य में शामिल होने का अनुरोध किया. यह जहाज उस समय सोहर से मुंबई की ओर जा रहा था. सूत्रों के मुताबिक, एमवी जबल अली 9 को अपना रास्ता बदलकर संकटग्रस्त धौ की ओर भेजा गया. जहाज फिलहाल घटनास्थल के आसपास मौजूद है और बचाव अभियान में सहयोग कर रहा है.
इस घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय नौसेना को भी अलर्ट कर दिया गया है. भारतीय अधिकारी भी हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और नाव पर सवार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि इस नौका के इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से एक लाइफराफ्ट (जीवनरक्षक नौका) में ट्रांसफर हो गए.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

