इटखोरी (चतरा)। चतरा के इटखोरी स्थित बक्शा डैम अब पर्यटकों के लिए एक नए आकर्षण के रूप में विकसित होने जा रहा है। डैम में जल्द ही बोटिंग की सुविधा शुरू होने वाली है। इसके लिए 13 नावें डैम में पहुंच चुकी हैं, जिनमें टू-सीटर और फोर-सीटर नाव शामिल हैं। पर्यटकों के लिए प्लेटफार्म तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है। वहीं मोटर बोट भी जल्द ही पहुंचने वाली है।

मां भद्रकाली मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा नया अनुभव

बक्शा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। बोटिंग शुरू होने के बाद इटखोरी के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर आने वाले श्रद्धालु दर्शन के साथ डैम में नौका विहार का आनंद भी उठा सकेंगे।

प्रशासन को उम्मीद है कि बोटिंग की सुविधा शुरू होने से इटखोरी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होगा। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम

बोटिंग के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोटर बोट की व्यवस्था रहेगी। बोटिंग के संचालन और पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं को देने की तैयारी है।इसके लिए युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि बोटिंग संचालन के साथ आपात परिस्थितियों में बचाव कार्य भी किया जा सके।

पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

जिला प्रशासन बक्शा डैम को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। बोटिंग सुविधा शुरू होने के बाद डैम इटखोरी आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा।

मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन के बाद पर्यटक डैम की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच नौका विहार का आनंद ले सकेंगे। इससे इटखोरी को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद बढ़ी है।

चतरा के डीसी रवि आनंद ने कहा कि बक्शा डैम में बहुत जल्द बोटिंग शुरू होगी। 13 नावें पहुंच चुकी हैं और व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बोटिंग शुरू होने के बाद पर्यटकों का आगमन भी बढ़ने की उम्मीद है।