अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के अजगैविनाथ धाम के नमामि गंगा घाट पर डूबे हुए दोनों युवकों के शव को एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मेहन के बाद दोनों युवकों के शव को पानी से बाहर निकाला है। मृतक युवकों की पहचान विकाश कुमार साह, उम्र 22 वर्ष, पिता रवि कुमार शाह और पीयूष कुमार वर्मा उम्र, 21वर्ष, पिता विकास कुमार वर्मा के रूप में हुई है, दोनों भागलपुर जिले के ही रहने वाले थे।

परिजनों में मचा कोहराम

युवकों का शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों के बीच चिख-पुकार मच गई। शव को देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। इस दौरान घाट का माहौल गमगीन हो गया। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों के कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

नहाने के क्रम में तेज धारा में बहे युवक

बता दें कि घटना कल रविवार देर शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार नमामि गंगा घाट पर घूमने आए तीन दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे। नहाने के दौरान दो युवक गंगा की तेज धारा में समा गए, जबकि एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। देर शाम तक घाट पर प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई।

दोस्त ने बचाने का किया था प्रयास

गंगा नदी से सुरक्षित बाहर निकले विकास कुमार ने बताया कि, वे गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी की ओर चले गए। तेज धारा की चपेट में आने से उसके दो दोस्त नदी में डूबने लगे। विकास ने बताया कि उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: परीक्षा देने आए छात्र की चाकू मारकर हत्या, गांव का युवक ही निकला हत्यारा