करनाल। जीटी रोड पर बसताड़ा के राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझ गई है। मृतक की पहचान हो चुकी है। मामला बेहद सनसनीखेज है। युवक को दिल्ली से अगवा किया गया था और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को करनाल के पास फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान 33 साल के मानव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला था और मलेशिया में काम करता था। इस शिनाख्त के बाद अब पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
मलेशिया से लौटी पत्नी, पोस्टमार्टम को लेकर परिवार परेशान
मानव की हत्या की खबर मिलते ही उसकी पत्नी और बच्चे मलेशिया से तुरंत भारत लौट आए हैं। करनाल पहुंचने पर परिवार बेहद परेशान दिखा। परिजनों का कहना था कि पोस्टमॉर्टम कौन करवाएगा और मामले की जांच कौन सी पुलिस करेगी, इसे लेकर काफी देर तक भ्रम की स्थिति बनी रही। हालांकि, अब करनाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि शव का पोस्टमॉर्टम करनाल में ही कराया जाएगा, जबकि हत्या और अपहरण का मुकदमा दिल्ली का होने के कारण आगे की मुख्य जांच दिल्ली पुलिस करेगी।
एयरपोर्ट छोड़ने आया था मानव, फिर हो गया लापता
मृतक की मलेशियाई मूल की पत्नी रेशमी ने बताया कि वे दोनों बीती 14 मई की रात को मलेशिया जाने के लिए निकले थे। 15 मई की सुबह उनकी दिल्ली से फ्लाइट थी। मानव ने पत्नी और बच्चों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित छोड़ दिया। उसने कहा था कि वह कुछ जरूरी काम निपटाकर 16 मई की फ्लाइट से मलेशिया आ जाएगा।
रेशमी के मुताबिक, 15 मई की रात करीब 11:50 बजे तक उसकी मानव से फोन पर बात हुई थी। लेकिन उसके बाद अचानक मानव का फोन बंद आने लगा। जब घर पर सास से बात हुई तो पता चला कि मानव वहां भी नहीं पहुंचा है और लापता है।
बाइक सवारों ने ‘पुलिस नाके’ का बहाना बनाकर किया किडनैप!
इस पूरी वारदात के पीछे एक सोची-समझी साजिश नजर आ रही है। मानव की बूढ़ी मां ने बताया कि घटना की रात 1 बजकर 40 मिनट तक उनकी बेटे से बात हो रही थी। मानव ने फोन पर बताया था कि दो बाइक सवार लड़के उसे अपने साथ ले जा रहे हैं।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे ने कहा था कि लड़के बोल रहे हैं कि आगे पुलिस का नाका है, सीधे गए तो चालान कट जाएगा। इसलिए वे उसे दूसरे लंबे रास्ते से होटल छोड़ देंगे।”
होटल के कमरे की चाबी भी मानव के पास ही थी। इसके बाद उसका फोन हमेशा के लिए बंद हो गया। परिजनों को शक है कि बाइक पर बैठाकर ले जाने वाले उन दो लड़कों ने ही (जिनमें से एक सरदार बताया जा रहा है) मानव का अपहरण किया और सिर में गोली मारकर उसकी जान ले ली। दिल्ली और करनाल पुलिस अब मिलकर उन दोनों संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

