दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार दोपहर एक करीब 19 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती का शव पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक मॉल के समीप मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा मॉल की ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही राजौरी गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए अपराध जांच टीम (क्राइम टीम) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस को मिला हस्तलिखित सुसाइड नोट
पुलिस के मुताबिक, शनिवार यानी 8 अगस्त को नियमित गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल अवधेश ने पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन के पास मॉल के समीप एक युवती का शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को छात्रा के पास से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला। पुलिस का कहना है कि नोट में युवती ने अपनी इच्छा से जीवन समाप्त करने की बात लिखी थी। हालांकि, पुलिस ने नोट की सामग्री और उसकी प्रामाणिकता की जांच शुरू कर दी है।
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची क्राइम टीम और FSL टीम ने मौके का विस्तृत निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की भी जांच की और उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी तरह की आपराधिक साजिश या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है।
आर्यभट्ट कॉलेज में BA तृतीय वर्ष की छात्रा थी
पुलिस ने मृतका की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिवार से पूछताछ में पता चला कि युवती दिल्ली के आर्यभट्ट कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, वर्ष 2021 में मां के निधन के बाद से वह अवसाद से जूझ रही थी। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


