कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक पॉश इलाके में बने खंडहरनुमा कमरे में एक अज्ञात युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मॉडल टाउन एरिया में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदाम के पीछे बने एक पुराने कमरे में युवक का शव लोअर के सहारे फांसी पर लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी।
चौकीदार ने देखा सबसे पहले शव
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदाम के पीछे एक मकान बना हुआ है। इस मकान के दो-तीन कमरे पिछले काफी लंबे समय से खंडहर हालत में खाली पड़े हैं। यहां तैनात चौकीदार जब पीछे की तरफ गया, तो उसने कमरे की छत में लगे लोहे के कुंडे से युवक का शव लटका हुआ देखा। चौकीदार ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना पिहोवा सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
बाजू पर बना है खास टैटू, पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
थाना सिटी पिहोवा के एसएचओ (SHO) सुनील वत्स ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच लग रही है। युवक का शरीर दुबला-पतला है और उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच है। हुलिए की बात करें तो उसने हल्के पीले रंग की बिना कॉलर वाली टी-शर्ट पहनी हुई है, जिस पर अंग्रेजी में ‘डेनिम’ लिखा है। साथ ही उसने एडिडास की केपरी पहनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक के सीधे हाथ की बाजू पर एक टैटू बना हुआ है। इस टैटू में कुछ लिखा नहीं है, बल्कि स्पीड (रफ्तार) को दिखाने वाले कुछ निशान बने हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब आसपास के थानों और जिलों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि युवक के परिवार का पता लगाया जा सके।

