Bihar Crime: मोतिहारी में एक अधेड़ युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई, उसका शव आज बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में मिला। पूरा मामला डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के हुसैनी डीह गांव का बताया जा रहा है। मृतक युवक की पहचान 45 वर्षीय बिंदा यादव पुत्र स्व. लालू राय के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गन्ने के खेत से बरामद हुआ शव
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बिंदा यादव मंगलवार की रात से ही लापता थे, उनका कुछ पता नहीं चल रहा था। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है की मंगलवार की रात धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई, जिनका शव आज बुधवार की सुबह गन्ने के खेत से बरामद हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान
पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। मृतक बिंदा यादव के शरीर पर चाकू समेत कई अन्य धारदार हथियारों से वार के निशान मिले हैं। उनका शव खून से लथपथ था। मौके पर चकिया अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका
पुलिस प्रथम दृष्टया में इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मृतक के साथ कौन-कौन लोग थे? उसका संपर्क आखिरी बार किससे हुआ था? हत्याकांड के पीछ प्रेम-प्रसंग का भी मामला सामने आ रहा है। हालांकि इसे लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारी बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें- प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही और बैनर-पोस्टर हटाकर भागने का गंभीर आरोप


