करनाल। जिले के तरावड़ी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो शुक्रवार शाम से घर से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश की थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नहर के किनारे उसका शव फंदे पर झूलता देखा।

मजदूरी का काम करता था युवक

राकेश मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था और उसके पीछे दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, उसके इस आत्मघाती कदम का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही तरावड़ी पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि, शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।