अनिल मालवीय, इछावर। सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मोलगा से रामनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक युवक की खून से सनी लाश मिली। राहगीरों ने सड़क किनारे शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। वहीं लाश मिलने से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सतपीपलीया का रहने वाला था मृतक
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान अंकुश परमार के रूप में हुई है, जो ग्राम सतपीपलीया का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, तो वहीं ग्रामीणों में हत्याकांड को लेकर गुस्सा देखा जा रहा है।
धारदार हथियार से की गई हत्या
शव की स्थिति को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद के चलते अंकुश पर जानलेवा हमला किया गया है। शरीर पर मिले गहरे जख्म से इस बात की पुष्टि हो रही है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से बेरहमी से वार कर युवक की जान ली है।
कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही इछावर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आसपास लोगों से पूछताछ की गई है। टीम गांव के पुराने विवाद और अंकुश की कॉल डिटेल्स् खंगाल रही है जिससे हत्या की गुत्थी को सुलझा सके।

