बोकारो थर्मल। रिटायरमेंट के बाद सीएमपीएफ और पेंशन का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में धनबाद सीबीआई ने शुक्रवार को सीसीएल कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना में कार्रवाई की। सीबीआई टीम ने यहां दो डीलिंग क्लर्कों को 18 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को टीम अपने साथ ले गई।

सुबह कार्यालय पहुंची CBI की टीम

इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में सीबीआई की टीम शुक्रवार सुबह गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची। करीब साढ़े 11 बजे टीम ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ा गया।

सात महीने पहले रिटायर हुए थे रसूल जमा

मामला जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा है, जो परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत थे। करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान लंबित था। आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के नाम पर दोनों कर्मचारियों ने उनसे रिश्वत की मांग की।

शिकायत के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल

बताया गया कि कर्मचारियों की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद सीबीआई से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने मामले की प्रारंभिक पुष्टि की और ट्रैप की योजना तैयार की। शुक्रवार को जैसे ही तय रकम आरोपियों को दी गई, मौके पर मौजूद सीबीआई टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में मचा हड़कंप

दो कर्मचारियों की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सीबीआई दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। अब एजेंसी मामले में रिश्वत की मांग, भुगतान प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।