मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां देर रात बोलेरो सवार युवकों ने सरेराह जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने पहले कुछ लोगों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और फिर एक युवक को कुचलकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, वाहन का पीछा करने वाले एक युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बोलेरो सवार युवकों ने ASI के बेटे को कुचला
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग तक शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच बोलेरो सवार युवकों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने कुछ युवकों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू नामक युवक को बोलेरो से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बताया जा रहा है कि घायल युवक चंद्रमणि रात्रे जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का बेटा है। घटना के बाद उसके साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से दुर्घटनाकारित बोलेरो का पीछा करने निकले।
इस दौरान बोलेरो सवार आरोपियों ने अरविंद राठौर को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। कुछ समय बाद राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
देखिये वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

