अंबाला छावनी के सात प्रमुख स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और बम निरोधक दस्ते ने सर्च ऑपरेशन चलाया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और एजेंसियां मेल भेजने वाले की तलाश कर रही हैं।
अंबाला। प्रदेश के अंबाला छावनी (Ambala Cantt) इलाके में गुरुवार को सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सैन्य क्षेत्र में स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) की दोनों ब्रांच और चार केंद्रीय विद्यालयों सहित सात स्कूलों को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया। हालांकि, प्राथमिक जांच के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान अभी भी जारी है।
सेना और पुलिस ने संभाला मोर्चा
धमकी की संवेदनशीलता को देखते हुए स्कूल परिसर और सैन्य क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ सेना के जवानों को भी तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों की मदद से स्कूलों के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। चूंकि मामला कैंट एरिया से जुड़ा है, इसलिए मिलिट्री पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही है। स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने अभिभावकों से पैनिक न होने की अपील की है। बाहरी व्यक्तियों के स्कूल के आसपास रुकने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है और सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है।
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी
सुरक्षा एजेंसियां अब उस ईमेल आईडी और सर्वर की जांच कर रही हैं, जिससे यह संदेश भेजा गया था। साइबर सेल तकनीकी मदद से लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 26 जनवरी के आसपास भी अंबाला के 15 स्कूलों को ऐसी ही फर्जी कॉल और मेल मिले थे। पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है कि क्या यह किसी शरारती तत्व की साजिश है या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

