Lifestyle Desk – रोज-रोज दाल, चावल और गेहूं की सादी रोटियां खाकर अगर आपका भी मन ऊब गया है और लंच में कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन कर रहा है, तो चना दाल की मसाला पूड़ी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। गेहूं के आटे से बनी साधारण पूड़ियां तो आपने कई बार खाई होंगी, लेकिन चना दाल और मसालों से तैयार यह पूड़ी स्वाद में उनसे बिल्कुल अलग होती है।

बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार यह पूड़ी इतनी स्वादिष्ट होती है कि इसे खाने के लिए किसी खास सब्जी की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसे अचार, दही, चटनी या गर्मागर्म चाय के साथ परोसा जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने की विधि भी बहुत मुश्किल नहीं है। थोड़ी-सी तैयारी के साथ आप घर पर आसानी से खस्ता मसाला पूड़ी तैयार कर सकते हैं।

सामग्री

गेहूं का आटा-1 कप
चना दाल-आधा कप
हरी मिर्च-1 बारीक कटी हुई
अजवाइन-1 छोटा चम्मच
जीरा-आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-आधा छोटा चम्मच
हल्दी-आधा छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-आधा छोटा चम्मच
गरम मसाला-थोड़ा-सा
नमक-स्वादानुसार
हरा धनिया-बारीक कटा
जरूरत के अनुसार पानी
पूड़ियां तलने के लिए तेल

विधि

  1. सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल को पानी से निकालकर अच्छी तरह छान लें। अब इसे मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें।
  2. ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बहुत ज्यादा बारीक या पतला न हो। दरदरी दाल ही पूड़ी को बेहतरीन टेक्सचर देने में मदद करेगी।
  3. एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें पिसी हुई चना दाल, हरी मिर्च, अजवाइन, जीरा, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक और हरा धनिया डालें।
  4. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। आटा बहुत नरम न रखें, वरना पूड़ियां बेलते समय परेशानी हो सकती है।
  5. आटे को ढककर करीब 10–15 मिनट के लिए रख दें। इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और मसालों का स्वाद भी उसमें मिल जाएगा।
  6. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक लोई लेकर उसे हल्का-सा तेल लगाकर बेलें। पूड़ी न बहुत पतली हो और न बहुत मोटी। इसी तरह सभी पूड़ियां तैयार कर लें।
  7. अब कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल पर्याप्त गर्म होने पर एक पूड़ी डालें और उसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
  8. पूड़ी को बीच-बीच में हल्के हाथ से दबाएं, ताकि वह अच्छी तरह फूल जाए। तैयार पूड़ियों को प्लेट में निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए।
  9. चना दाल की मसाला पूड़ी को आम के अचार, दही, हरी चटनी या आलू की हल्की सब्जी के साथ परोसा जा सकता है.