वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हाल ही में हुए बाउंसर निखिल गोस्वामी (Nikhil Goswami Murder Case) की निर्मम हत्या ने लोगों को झकझोर दिया है। कोटा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात को लेकर परिजनों और गोस्वामी समाज में भारी आक्रोश है। इस हत्याकांड के पांच दिन बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे नाराज परिजन और समाज के प्रतिनिधि आज एसएसपी कार्यालय पहुंचे और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

चार नामजद आरोपी, फिर भी पुलिस गिरफ्त से बाहर

जानकारी के अनुसार, कोटा थाना अंतर्गत ग्राम पथर्रा निवासी निखिल भारती गोस्वामी की 4 जून को पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि मामले में चार आरोपियों की पहचान हो चुकी है, इसके बावजूद सभी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसी को लेकर गोस्वामी समाज के पदाधिकारी और परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों ने कहा कि निखिल एक होनहार युवक था और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहता था। ऐसे युवक की निर्मम हत्या के बाद भी आरोपियों का फरार रहना गंभीर चिंता का विषय है।

परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

मिर्च पाउडर डालकर पत्थर से की गई थी हत्या

4 जून की रात कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की मिर्च पाउडर आंखों में झोंककर और पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में भोला मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि निखिल बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में काम करता था। घटना वाली रात वह अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठकर शराब पी रहा था, तभी बाइक सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे।

इसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, जिससे वह असहाय हो गया। फिर भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह सहित कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H