परवेज खान, शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गणेशखेड़ा में एक प्रेमी जोड़े ने अपनी शादी की जिद पूरी करवाने के लिए गांव के ही एक ऊंचे मोबाइल टावर को अपना ठिकाना बना लिया। घंटो चले इस ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की समझाइश दोनों का गुस्सा शांत हुआ और टावर से नीचे उतरे
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मोहरसिंह आदिवासी और ललिता आदिवासी एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। लेकिन उनके इस रिश्ते को परिवार की रजामंदी नहीं मिली। परिजनों द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद दोनों गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शांत कराया मामला
जैसे ही ग्रामीणों की नजर टावर पर चढ़े हुए युवक-युवती पर पड़ी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी जोड़े को समझाने की कोशिश की। शुरुआत में दोनों नीचे उतरने को तैयार नहीं थे, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत और ‘सुरक्षित भविष्य’ के आश्वासन के बाद आखिरकार प्रेमी जोड़ा टावर से नीचे उतरा।

