सोनू वर्मा, नूंह। आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार सभी वर्गों से संवाद स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के मौलवियों के साथ समन्वय बैठक कर शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी समुदायों की जिम्मेदारी है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने मौलवियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक माध्यमों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है और भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली किसी भी सामग्री के प्रसार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मौलवियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी मौलवियों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वे समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा लोगों को कानून का पालन करने और अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे।
- जीवन सूक्त : संसार की असारता समझने के लिए भी, आवश्यक है एक संसार – संदीप अखिल
- Bihar Morning News: भाजपा का सहयोग कार्यक्रम, जदयू कार्यलय में जनसुनवाई, जन सुराज की PC
- एमपी में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: 23 IAS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के कलेक्टर बदले गए; इन पर गिरी गाज!
- Navratri Day 4 : नवरात्रि का चौथा दिन आज, मां कूष्मांडा की पूजा से मिलती है सुख-समृद्धि और खुशहाली, जानें पूजा विधि और महत्व
- 14 October 2026 Rashifal : आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल

