राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने दो अलग-अलग सनसनीखेज घटनाओं को अंजाम दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में जहां 25 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई, वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इन दोनों घटनाओं से शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बीच सड़क पर काटा गला
पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पॉश अमलतास कॉलोनी की है, जहां अज्ञात हत्यारों ने बीच सड़क पर लगभग 25 वर्षीय युवती पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पॉश इलाके के रहवासियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
15 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लोधी कुईया इलाके की है, जहां कोचिंग पढ़ने जा रही एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि दोनों आरोपी युवक पिछले काफी समय से उसका पीछा कर परेशान कर रहे थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों युवक छात्रा का पीछा करते नजर आ रहे हैं। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

