हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में आदतन अपराधियों पर पुलिस की सख्ती कितनी असरदार है, इसका जवाब हीरानगर थाना क्षेत्र की एक घटना ने सवालों के घेरे में ला दिया है। आरोप है कि जिन बदमाशों ने महज चार दिन पहले थाने में बाउंड भरा था, वही फिर खुलेआम सड़क पर कानून को चुनौती देते नजर आए। मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने पहुंचे एक युवक को बीच सड़क घेरकर बेरहमी से पीटा गया, कार में तोड़फोड़ की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बीच सड़क घेरकर की बेरहमी से पिटाई

एफआईआर के अनुसार, पीड़ित नरेंद्र चौहान 21 जुलाई की दोपहर एमआर-10 स्थित शारदा मेडिकल के पास दवाई लेने पहुंचे थे। दवाई लेकर जैसे ही वह अपनी कार की ओर बढ़े, वहां पहले से मौजूद शोभित साख्यवार, निक्की अहिरवार, ओम जाटव उर्फ देवांश और मयंक यादव ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर चारों ने मिलकर लात-घूंसों से हमला कर दिया।

कार के कांच तोड़े, कैंची से हमला करने की कोशिश

शिकायत के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की कार के शीशे भी तोड़ दिए। सबसे गंभीर आरोप यह है कि मेडिकल स्टोर पर रखी कैंची उठाकर हमला करने की कोशिश की गई। यदि मेडिकल संचालक समय रहते कैंची नहीं छीनता, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।

सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। बीच सड़क हुई इस वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया।

बाउंड भरने के बाद भी नहीं बदले तेवर

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन आरोपियों पर पहले से आपराधिक गतिविधियों के आरोप हैं और जिन्होंने हाल ही में थाने में बाउंड भरा था, वे आखिर चार दिन के भीतर ही दोबारा सड़क पर गुंडागर्दी करने कैसे पहुंच गए। यह घटना आदतन अपराधियों पर पुलिस की निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पुलिस पर उठ रहे सवाल

शहर में लगातार यह दावा किया जाता है कि आदतन बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, लेकिन हीरानगर की यह घटना उन दावों को चुनौती देती नजर आ रही है। यदि बाउंड भरने के कुछ ही दिनों बाद आरोपी फिर खुलेआम मारपीट और तोड़फोड़ करने लगें, तो ऐसे कदमों का असर कितना है, यह बड़ा सवाल बन गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हीरानगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शोभित साख्यवार, निक्की अहिरवार, ओम जाटव उर्फ देवांश और मयंक यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m