अजयारविंद नामदेव शहडोल/अनूपपुर। शहडोल संभाग के अनूपपुर जिले के चचाई थानान्तर्गत संजय नगर डबल स्टोरी के समीप साप्ताहिक बाजार के बगल से गुजरने वाली अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई की रेल लाइन में देर रात लोको ट्रेन और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसा संजयनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ, जहां फाटक नहीं होने से रेल पटरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पिकअप में सात लोग सवार थे

दरअसल साप्ताहिक बाजार के पास स्थित अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र की रेलवे क्रॉसिंग पर देर रात कोयला लेने बंगवार-संगमा साइडिंग की ओर जा रही लोको ट्रेन और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप में सात लोग सवार थे, जो संजयनगर में डीजे का सामान छोड़कर गांव चकेठी लौट रहे थे। हादसे में पिकअप चालक रवि पिता स्व लाल बर्मन निवासी चकेठी की मौके पर ही मौत हो गई। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पिकअप में फंसे शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं अर्जुन कोल, विकास सिंह, शिवम बैगा, कन्हैया बर्मन,करन कोल , और राजेश सिंह सभी निवासी चकेठी सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मध्यप्रदेश

दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदातः बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

लोको ट्रेन ने हॉर्न नहीं बजाया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर अंधेरा था और लोको ट्रेन की ओर से हॉर्न भी नहीं बजाया गया, हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे ने रेलवे लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटनास्थल के दोनों ओर कोयला कर्मचारियों के आवास हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और रोजाना पटरी पार करते हैं। आरोप है कि सुरक्षा के लिए फाटक लगाने की स्वीकृति के बावजूद कई स्थानों पर फाटक नहीं लगाए गए हैं। अब सवाल है जब रेल पटरी के आसपास आबादी है, लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, तो सुरक्षा के इंतजाम अधूरे क्यों हैं, क्या जिम्मेदार एजेंसियां किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही हैं?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m