हेमंत शर्मा, इंदौर। नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। छात्रा पिछले तीन साल से डॉक्टर बनने के लिए तैयारी कर रही थी। परिजनों का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थी और हाल के दिनों में मानसिक तनाव में भी लग रही थी। जब से नीट की एग्जाम निरस्त हुई थी तब से ज्यादा डिप्रेशन में रहने लगी थी। घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र की न्यू बर्ग कॉलोनी की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रात में वीडियो कॉल पर बात हुई थी
मृतक छात्रा अवंतिका मौर्य इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी और नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इसके बाद वह मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंची और नीचे कूद गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अवंतिका की कजन सिस्टर हर्षलता ने बताया कि”अवंतिका पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। वह टॉपर रही थी, लेकिन नीट में सिलेक्शन नहीं होने से परेशान रहती थी। उसका सपना डॉक्टर बनना था। हाल ही में परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं को लेकर भी तनाव में थी। रात में हमारी वीडियो कॉल पर बात हुई थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं लगा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी।”
दोबारा परीक्षा की तैयारी का दबाव
पिता डॉ. बंसीलाल मौर्य के मुताबिक अवंतिका पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी। दो दिन बाद उसकी परीक्षा भी होने वाली थी। परिवार का कहना है कि हाल के दिनों में वह पहले की तुलना में कम बात कर रही थी और मानसिक दबाव में नजर आ रही थी।”मेरी बेटी पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी। हो सकता है वह डिप्रेशन में रही हो। दो-चार दिन से वह ठीक से बात भी नहीं कर रही थी। परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की तैयारी का दबाव भी हो सकता है।”
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के बाद भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी, भंवरकुआं ने बताया पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों के बयान होना बाकी हैं। बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच की जाएगी।”फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा की मौत ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

