प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मारपीट और गाली-गलौज के मामले में शिकायत पर कार्रवाई करने और आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर उग्र परिजनों ने लाठी और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) समेत कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पहुंची थी

दरअसल घटना बुधवार दोपहर की है। उन्हेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नागझिरी में कुछ दिन पहले मारपीट की एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस जब आरोपियों के घर दबिश देने पहुँची, तो वहाँ मौजूद परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से वार करने के साथ ही पथराव भी किया। इस अचानक हुए हमले में पुलिस टीम के कई जवान चोटिल हो गए। घायलों में एसआई चावड़ा सहित कुल चार पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें इस झड़प में चोटें आई हैं।

सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

पुलिस पर इस तरहले सरेआम हमले और शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटना को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से हमलावर मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m