आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दिया।
आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद महिला आरक्षक ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रही थी। इसकी शिकायत ACB से की गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही महिला आरक्षक ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू से पूछताछ कर रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


